छत्तीसगढ़: राजधानी के स्कूल में छात्रा मिली कोरोना पाजिटिव, मचा हड़कंप

राजनांदगांव के बाद अब रायपुर के स्कूल में भी कोरोना पाजिटिव का मामला सामने आया है। शहर के दानी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में एक छात्रा कोविड-19 पाजिटिव मिली है। इसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया है। हालांकि यहां कोरोना पाजिटिव मिलने के बाद दूसरी छात्राओं को होम आइसोलेशन में नहीं रखा गया है। इस लापरवाही से अन्य छात्रों को भी कोविड का खतरा है।

कोरोना के खौफ के चलते आधे विद्यार्थी ही पहुंच रहे हैं। लोक शिक्षण संचालनालय के सख्त निर्देश के बाद भी स्कूल में कोरोना के गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। यहां न ही छात्राओं के लिए पर्याप्त सैनिटाइजर है और न ही हाथ धोने के लिए साबुन की व्यवस्था। कोरोना मिलने के बाद छात्राएं खौफजदा है।

मामले में यहां के प्राचार्य विजय खंडेलवाल ने कहा कि वह अभी शहर से बाहर हैं। बता दें कि स्कूलों में हैंड सैनिटाइजर पर्याप्त नहीं है और न ही थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। कुछ स्कूलों में बेहतर व्यवस्था है तो कुछ स्कूलों में अव्यवस्थाओं की भरमार है।

कोरोना के कारण प्रैक्टिकल में भी खानापूर्ति

प्रैक्टिकल परीक्षा के कारण कक्षा नौवीं से 12वीं तक के बच्चों को स्कूल आने के लिए अनुमति दी है। इसके बाद भी बच्चों स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं और शिक्षकों को आनलाइन ही पढ़ाई करानी पड़ रही है। कुछ स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। कुछ स्कूलों में यहां के प्राचार्य अपनी जेब से खर्च करके बच्चों का हैंड सैनिटाइजर ला रहे हैं। शहर के जेएन पाण्डेय स्कूल में शिक्षक और प्राचार्य अपने स्तर पर ही खर्च करके बच्चों का हैंड सैनिटाइज करा रहे हैं।

फीस और फंड नहीं होने से भी दिक्कत

कुछ प्राचार्यों का कहना है इस साल राज्य सरकार ने बच्चों से ली जाने वालही फीस लेने से भी मना कर दिया है। ऐसे में स्कूल में फंड का अभाव होने से यहां की व्यवस्था दुरूस्त नहीं हो पा रही है।

E-Paper