लुधियाना के दंपति ने बैंक में गिरवी प्लाट बेच ठगे 33 लाख रुपये, जानिए कैसे की धोखाधड़ी

बैंक में गिरवी प्लाट का सौदा करके 33 लाख रुपये की ठगी मारने वाले दंपति पर थाना डेहलों पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसआई अश्वनी कुमार ने बताया कि उनकी पहचान गिल गांव रेलवे फाटक के पास रहने वाले सुखचैन सिंह तथा उसकी पत्नी गुरविंदर कौर के रूप में हुई।

पुलिस ने दुगरी के माणकवाल रोड स्थित न्यू रेलवे कालोनी निवासी नकुल गुप्ता की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि उसने आरोपितों से गिल गांव बचितर नगर इलाके में 250 वर्ग गज के एक प्लाट का सौदा 33 लाख रुपये में किया था। आरोपितों ने उसे उस प्लाट की जाली फर्द दिखा कर उसकी रजिस्ट्री उसके नाम पर ट्रांसफर करा दी।

ऐसे हुआ खुलासा

नवंबर 2019 में जब वो उस प्लाट का इंतकाल चढ़ाने के लिए पटवारी के पास गया तो उसे पता चला कि आरोपितों ने उस प्लाट पर बैंक से 40 लाख रुपये का लोन ले रखा है। ऐसा करके दोनों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। मामले की जांच कर रही अधिकारियों ने आरोप सही पाए जाने पर केस दर्ज करने की सिफारिश कर दी। डीए लीगल की राय लेने के बाद पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ेंः नशा तस्करी करते पांच लोग गिरफ्तार

लुधियाना। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विभिन्न जगहों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से अफीम, चूरापोस्त, शराब, प्रतिबंधित दवाएं व नशीला पाउडर बरामद किया। आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना जमालपुर पुलिस ने सूचना के आधार पर चंडीगढ़ रोड स्थित वीर पैलेस के सामने दबिश देकर दो लोगों को 15 किलो चूरापोस्त तथा आधा किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया। एएसआइ अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान केहर सिंह नगर के सुखदेव सिंह तथा न्यू कुलदीप नगर की गली नंबर 4 के इंद्रजीत सिंह के रूप में हुई।

E-Paper