हल्‍द्वानी में सड़क हादसों को रोकने के लिए लगाए जाएंगे स्पीड ब्रेकर, डैंजर स्‍पॉट हो रहे चिन्हित

सड़क पर दुर्घटना रोकने के लिए वाहनों की अनियंत्रित गति सबसे बड़ा कारण है। जिसके चलते रोज सैकड़ों छोटे-बड़े एक्सीडेंट होते हैं। जिसमें लोगों को सामान्य चोट से लेकर जान तक गंवानी पड़ती है। ऐसे में सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए वाहनों की गति धीमी करने पर जोर दिया जा रहा है।

सड़क यातायात में दुर्घटनाएं रोकने के लिए विभिन्न तरह के नियम बनाए गए हैं। जिनका पालन किया जाए तो निश्चित रूप से दुर्घटनाएं रोकी जा सकती हैं, लेकिन लोग जल्दबाजी व अन्य कारणों से ओवरस्पीड वाहन चलाते हैं। जिसका खामियाजा दुर्घटना के रूप में सामने आता है।

एसपी सिटी डा. जगदीश चंद्र ने बताया कि सड़क पर ब्रेकर बनाने के लिए जगह चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है। जिससे लोग चाहकर भी ओवर स्पीड वाहन न चला सकें। ज्यादा दुर्घटना वाली जगहों पर बोर्ड भी लगाए जाएंगे, जिससे लोग ऐसी जगह पर पहुंचने के बाद सावधानी के साथ वाहन चलाएं।

लिंक रास्तों पर बनेंगे ब्रेकर

स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए भारतीय राजमार्ग प्राधिकरण के नियम काफी सख्त हैं। जिसमें सड़क पर स्पीड ब्रेकर को हतोत्साहित किया जा रहा है। ऐसे में स्पीड ब्रेकर को लिंक मार्गों पर बनाने की कार्रवाई गतिमान है। हाइवे के अतिरिक्त अन्य मार्गों पर स्पीड ब्रेकर की संख्या बढ़ाई जाएगी। जिससे लोगों को सामान्य परेशानी अवश्य होगी, लेकिन दुर्घटनाओं में बड़े स्तर पर कमी भी आएगी। इसके लिए स्थानीय स्तर पर कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

जागरूकता पर भी दे रहे ध्यान

पुलिस विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा माह का आयोजन गतिमान है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक करने के लिए विभिन्न गोष्ठियों व सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। जिससे सड़क दुर्घटना में लोगों को जान से हाथ न धोना पड़े। एसपी सिटी डा. जगदीश चंद्र ने बताया कि योजना पर कार्य किया जा रहा है।

E-Paper