कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन: कार्यकर्ता से नेता बने कार्यकर्ताओं की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ले रहे क्लास

कार्यकर्ता से नेता बने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनका दायित्व याद दिलाने और रिचार्ज करने का बीड़ा खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने उठाया है। दरअसल, कांग्रेस के आला नेताओं को इस बात की चिंता सताने लगी है कि उनके कार्यकर्ता नेता बन रह हैं। यह चिंता इसलिए है क्योंकि छत्तीसगढ़ में 15 साल सत्ता सुख भोगने पर भाजपा के कार्यकर्ता नेता बन गए थे और जमनी से जुड़े लोगों से दूरी बना ली थी।

साल 2018 में भाजपा की हार का यह भी एक बड़ा कारण था। इस कारण कांग्रेस के आला नेता यह बिलकुल भी नहीं चाहते कि उनके दो साल में ही सत्ता सुख पाकर कार्यकर्ता से नेता बन जाएं और जमीन से जुड़े लोगों से दूरी बना लें। इस कारण कार्यकर्ताओं को उनका दायित्व याद दिलाने और उन्हें रिचार्ज करने के लिए कांगेस जिलेवार कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन कर रही है। इसमें पीसीसीसी अध्यक्ष ब्लॉक और जिला स्तर के कार्यकताओं को उनकी जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाने में लगे हैं।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस14 साल विपक्ष में थी, तब जनहित के बहुत से मद्दों को आक्रमक ढंग से उठाया। विपक्ष में होने के नाते तत्कालीन भाजपा सरकार के खिलाफ जनमुद्दों पर लगतार प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस सत्ता में है, तो सरकार के खिलाफ तो प्रदर्शन नहीं कर सकती है। मगर, कार्यकर्ताओं को बताया जा रहा है कि वे जनहित के मुद्दों को समझें। आम जनता के बीच रहें और उनकी समस्याओं एवं मांगों को सरकार या पार्टी के क्षेत्रीय विधायकों तक पहुंजाएं, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।

इससे जनता को फायदा होगा और उन्हें लगेगा कि कांग्रेस सरकार तथा कांग्रेस संगठन तालमेल के साथ अच्छा काम कर रही है। कांग्रेस के आला नेताओं का कहना है कि इसका लाभ आगामी विधानसभा चुनाव में मिलेगा। दूसरी तरफ, पार्टी के कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी बनी रहेगी। पार्टी के पदाधिकारियों नेता और कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारी याद दिलाने के लिए ही पिछले दिनों महाराष्ट्र के वर्धा में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था।

प्रदेश कांग्रेस युवा नेताओं को भी रिचार्ज करने में लगी है। इस कारण कुछ दिन पहले ही रायपुर में युवा कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर रखा गया था। इसमें युवा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के संघर्ष, विचारधारा की जानकारी दी गई थी। कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने के लिए वर्धा और रायपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के दौरान श्रमदान भी कराया गया था। आलानेताओं का कहना है कि चरणबद्ध तरीके से सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन होगा। कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने पीसीसी अध्यक्ष प्रदेश का दौरा भी कर रहे हैं। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन पर फीडबैक भी लेंगे।

शुक्रवार को जशपुर, शनिवार को बलरामपुर में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 10 बजे जशपुर और शनिवार को सुबह 10 बजे बलरामपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन होगा। दोनों जगहों पर पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

E-Paper