छत्तीसगढ़: चमकाने के बहाने से सोने के जेवर लेकर दो बदमाश हुए फरार

दुर्ग जिले के ग्राम नवातरिया के मिलन चौक में दो बदमाशों ने चमकाने के बहाने से सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। आरोपितों ने पहले बर्तन साफ करके महिलाओं का भरोसा जीता। इसके बाद उन्होंने सोने के जेवर को भी साफ करने की बात कही।

आरोपितों की बातों में आकर महिलाओं ने पूरा जेवर आरोपितों को दे दिया। उन्होंने जेवर चमकाने के लिए गर्म हल्दी पानी मंगाया। महिलाएं हल्दी पानी लेने गई। इसी दौरान दोनों आरोपित जेवर लेकर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने दोनों आरोपितों की तलाश की। कोई जानकारी न मिलने पर थाने में शिकायत की।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ चोरी की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उनकी पतासाजी शुरू की है। पुलिस ने बताया कि ग्राम नवातरिया निवासी गजरा बाई ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। सोमवार की शाम करीब चार बजे दो आरोपित शिकायतकर्ता के घर पर पहुंचे थे।

दोनों आरोपितों ने तांबा और पीतल के बर्तन को साफ करते हुए शिकायतकर्ता को झांसे में लिया। दोनों आरोपितों ने पहले तांबा और पीतल के बर्तनों को साफ भी किया। इसके बाद दोनों आरोपितों ने शिकायतकर्ता से कहा कि वे लोग सोने के जेवर को भी साफ कर देंगे।

आरोपितों की बातों में आकर शिकायतकर्ता व उसकी बहू लोकेश्वरी वर्मा ने आरोपितों को दो मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, एक जोड़ी झुमका, एक जोड़ी सोने की बाली और दो नग सोने की फैंसी मडी आरोपितों को दिया। आरोपितों ने हल्दी मिला हुआ गर्म पानी मांगा।

शिकायतकर्ता व उसकी बहू किचन में हल्दी मिला गर्म पानी लेने के लिए चले गए और वापस लौटे तो दोनों आरोपित वहां से गायब मिले। उन्होंने रात तक आरोपितों की तलाश की। कोई जानकारी न मिलने पर मंगलवार की सुबह थाने में जाकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। चोरी गए जेवर की कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा आकी गई है।

E-Paper