भमियां रोड पर देर रात पुलिस कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया

चंडीगढ़ रोड स्थित जमालपुर के इलाके भमियां रोड पर वीरवार की देर रात एक पुलिस कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी राहगीरों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। थाना जमालपुर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कांस्टेबल को सिविल अस्पताल पहुंचाया। डाक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित करते हुए मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया।

अस्पताल में मृतक कांस्टेबल की पहचान तरनतारन के रहने वाला 28 वर्षीय मनजिंदर सिंह के रूप में हुई है। वह लुधियाना के जमालपुर इलाके में सरकारी क्वार्टर में रहता था। थाना जमालपुर के एएसआइ हरजिंदर सिंह ने बताया कि मृतक मनजिंदर करीब चार महीने पहले विधायक संजय तलवार के साथ गनमैन तैनात रहा था। जिसके बाद उसकी बदली पुलिस लाइन में हो गई।

वीरवार की रात वो अपने काम से घर की तरफ लौट रहा था। भमियां रोड स्थित डीपी कालोनी के बाहर वह बाथरूम करने के लिए रुका। बाथरूम के दौरान वह नीचे गिर गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। थाना जमालपुर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मनजिंदर को सिविल अस्पताल पहुंचाया। हरजिंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके यहां आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के हवाले किया जाएगा।

E-Paper