भिलाई में दूसरी लड़की से अवैध संबंध के चलते पति करता था प्रताड़ित, पुलिस ने दर्ज की FIR

भिलाई में किसी दूसरी लड़की से अवैध संबंध के चलते पति ने अपनी पत्नी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई, तो वे भी आरोपित पति का ही साथ देने लगे। जब आरोपितों ने हद से अधिक प्रताड़ित करना शुरू कर दिया, तो शिकायतकर्ता ने सखी सेंटर में शिकायत की। वहां से मामला महिला थाना के पास भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच काउंसलिंग की, लेकिन समझौता न होने पर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि परियापारा भिलाई निवासी शिकायतकर्ता ने गौरव पथ रोड नारायणपुर निवासी आरोपित पति ओमप्रकाश गुप्ता, ससुर रविंद्र गुप्ता और सास देवंता गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता की शादी 17 अप्रैल 2019 को आरोपित से हुई थी। शादी के बाद वो अपने ससुराल गई, तो वहां आरोपित सास व ससुर ने दहेज में कम सामान लाने की बात कहकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

शिकायतकर्ता को कुछ दिन बाद जानकारी हुई कि उसके पति का किसी दूसरी लड़की से अवैध संबंध है। उसने अपने पति से इस बारे में बात की, तो आरोपित ने उल्टे उससे ही गाली-गलौज किया। शिकायतकर्ता ने अपने पति के मोबाइल से उसकी प्रेमिका का नंबर निकालकर उससे बात की तो उसकी प्रेमिका ने कहा कि ओमप्रकाश उससे शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार वालों के दबाव के कारण उसने कहीं और शादी की है।

शिकायतकर्ता ने ससुराल वालों को इसके बारे में बताया तो वे भी अपने बेटे का ही साथ देने लगे और उससे कहा कि अब उसे इन्हीं परिस्थितियों में रहना होगा। अगस्त 2020 में शिकायतकर्ता रक्षाबंधन पर अपने मायके आई और त्योहार के बाद वापस गई, तो आरोपित ससुराल वालों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया। इसके बाद उसने नारायणपुर के ही सखी सेंटर में शिकायत की।

वहां शिकायत होने के बाद आरोपित ससुराल वाले उसे अपने साथ तो ले गए, लेकिन उसके साथ काफी बुरा बर्ताव करने लगे। शिकायतकर्ता दोबारा सखी सेंटर गई और वहां से दूसरे दिन दुर्ग आई। यहां उसने महिला थाना में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

 

 

E-Paper