झारखंड: संयुक्‍त युवा संघ का JNNAC कार्यालय पर प्रदर्शन, दी ये चेतावनी

जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा सार्वजनिक स्थल व मैदान में विवाह या किसी प्रकार के समारोह आयोजन करने पर शुल्क वसूलने की घोषणा के खिलाफ संयुक्त युवा संघ ने जेएनएसी के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि शुल्‍क वसूली का आदेश वापस नहीं हुआ तो सड़क पर जोरदार आंदोलन होगा।

संयुक्त युवा संघ के रवि सिंह चंदेल ने कहा  कि इस नियम को हटाने के लिए उन्होंने नगर विकास विभाग के सचिव के नाम जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार को मांग पत्र सौंपा है। जिसमें कहा गया है कि विश्व व्यापी संकट की घड़ी में राजस्व वसूली के नाम पर लोगों से शोषण करते हुए पैसा की वसूली नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने कहा है कि जमशेदपुर स्थापना काल से ही कभी भी किसी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थल एवं मैदानों में विवाह एवं अन्य कार्य करने पर सरकारी शुल्क अदा नहीं करना पड़ता था। अब झारखंड की हेमंत सरकार केवल जनता का शोषण करना चाह रही है। इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।

 72 घंटे का अल्‍टीमेटम

संयुक्त युवा संघ ने चेतावनी देते हुए कहा है कि सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए इस ज्वलंत व जटिल समस्या का समाधान शीघ्र करे और फरमान को वापस लें ताकि जमशेदपुर की जनता के साथ न्याय हो सके। अगर हमारी मांग को 72 घंटे के अंदर नहीं माना गया तो संयुक्त युवा संघ सड़क पर आंदोलन करने को बाध्य होगा। जिसकी सारी जिम्मेवारी जिला प्रशासन की होगी। इस अवसर पर रवि सिंह चंदेल के अलावा, धीरज चौधरी आदि उपस्थित थे।

 

E-Paper