ताबड़तोड़ बेइज्‍जती के बीच रांची पहुंचे RPN, कहा- उम्रदराज फुरकान की बातों पर कोई जवाब नहीं

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह पर गंभीर आरोप लगा रहे पूर्व सांसद फुरकान अंसारी के तेवर गुरुवार को भी तल्ख रहे। आरपीएन सिंह पर कांग्रेस के चारों मंत्रियों से पैसे वसूलने का आरोप लगाने के बाद अब उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता को निशाने पर लेते हुए पार्टी के भीतर असंतोष का मामला उठा दिया है। यह भी कहा कि कांग्रेस के कुछ विधायक ऐसी स्थिति में दूसरी पार्टी में जा सकते हैं। उधर, गुरुवार को ही रांची पहुंचे झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन ङ्क्षसह ने फुरकान अंसारी के आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया देने से इन्कार कर दिया है। आरपीएन ने कहा, फुरकान उम्रदराज नेता हैं, उनकी बातों पर क्या प्रतिक्रिया दें। आरपीएन सिंह शुक्रवार को होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होने रांची आए हैं।

कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश प्रभारी को लेकर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी का रुख अभी भी नाराजगी भरा है। गुरुवार को उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और कुछ विधायकों के पार्टी छोड़कर जाने की संभावनाओं से इन्कार नहीं जा सकता है और ऐसे लोगों को उन्होंने पार्टी में रहकर ही संघर्ष करने का सुझाव भी दिया। साथ ही यह भी जोड़ा कि अगर कोई विधायक कांग्रेस छोड़ता है तो इसकी जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता की होगी।

सरकार में कांग्रेस विधायकों की बात नहीं सुनी जा रही है। आखिर कोई कब तक इंतजार करेगा। उन्होंने आरोप लगाए कि अधिकारियों की पोस्टिंग में कांग्रेस विधायकों की नहीं चलती है और विकास कार्य हो नहीं पा रहे हैं। विधायकों को भी अपने क्षेत्र में जनता को जवाब देना है। ऐसे में कोई भी कदम उठाने के लिए विधायक बाध्य होंगे। प्रदेश अध्यक्ष पर जहां संगठन को मजबूत करने का दायित्व है वहीं विधायक दल के नेता की जिम्मेदारी है कि वे सभी को साथ लेकर चलें।

मथारू और अमूल्य के घर पहुंचे आरपीएन, दी सांत्वना

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह गुरुवार को कई लोगों से मिले। दिल्ली से सेवा विमान से रांची पहुंचने के बाद वह हवाई अड्डे से सीधे वह प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ज्योति सिंह मथारू तथा मीडिया पैनलिस्ट अमूल्य नीरज खलखो के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। 9 जनवरी को ज्योति सिंह मथारू की माता तथा अमूल्य नीरज खलखो के पिता का देहांत हो गया था। आरपीएन हवाई अड्डे से सीधे चुटिया स्थित ज्योति सिंह के आवास पहुंचे और उनके परिवार के लोगों से मुलाकात कर ढाढस बंधाया।

यहां से वह मीडिया पैनलिस्ट व सह कार्यालय प्रभारी अमूल्य नीरज खलखो के आवास पहुंचे और उनके पिता के मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर, मानस सिन्हा, संजय लाल पासवान, विधायक दीपिका पांडेय सिंह, मोर्चा संगठन प्रभारी रवींद्र सिंह, प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, शाहजादा अनवर, डा. एम तौसीफ, महानगर अध्यक्ष संजय पांडेय आदि मौजूद थे।

आरोप गंभीर, सीबीआइ जांच की अनुशंसा करे सरकार : भाजपा

प्रदेश कांग्रेस में भीतर मचे सियासी झगड़े में अब भाजपा भी कूद गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फुरकान अंसारी के आरोपों को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार से अनुरोध किया है कि वह इस मामले की सीबीआइ जांच कराने की अनुशंसा करें। प्रतुल ने यह भी कहा कि फुरकान अंसारी के बयान से वह आरोप पुख्ता हो जाते हैं, जो भाजपा लंबे समय से लगाती आ रही है। पिछले दो दिनों से कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी लगातार अपनी ही पार्टी के चारों मंत्रियों पर प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह तक नियमित रूप से पैसे पहुंचाने का आरोप लगा रहे हैैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस ने झारखंड को चारागाह बना दिया है। फुरकान अंसारी के अनुसार ही चारों मंत्री एक निश्चित रकम हर महीने प्रदेश प्रभारी आरपीएन ङ्क्षसह को पहुंचाते हैं। अब भ्रष्टाचार के तार झारखंड से सीधे दिल्ली दरबार तक जुड़े हुए प्रतीत होते हैं। प्रतुल ने कहा कि झारखंड में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। फुरकान अंसारी कांग्रेस के अति वरिष्ठ नेताओं में हैं। उनकी बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत है। एक और सरकार खजाना खाली होने का रोना रोती है, वहीं दूसरी ओर झारखंड का खजाना दिल्ली भेजा जा रहा है।

 

E-Paper