इतनी रंगदारी के लिए ईंट भट्ठा पर अपराधियों ने मचाया उत्‍पात, सात नामजद व 14 अज्ञात पर FIR दर्ज

गोविंदपुर थाना क्षेत्र के शिखरपुर-कठवन गांव में उपेंद्र यादव के ईंट भट्ठा पर बुधवार की देर रात गोलीबारी और आगजनी की घटना मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ईंट भट्ठा संचालक के छोटे भाई रामदेव यादव की पत्‍नी रूबी देवी ने सात नामजद और 14 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। नामजद आरोपितों में रोह थाना क्षेत्र के महकार गांव निवासी सुरेंद्र यादव, मिश्री यादव, सानो यादव, रामस्वरुप यादव आदि शामिल हैं। इसमें बीस लाख रुपये रंगदारी नहीं दिए जाने पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। थानाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि नामजदों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

स्‍कॉर्पियो से पहुंचे थे अपराधी

गौरतलब है कि बुधवार की देर रात कठवन स्थित ईंट भट्ठा पर स्कॉर्पियो से पहुंचे अपराधियों ने गोलीबारी की। वहां काम करने वाले मजदूरों के साथ मारपीट की थी। साथ ही भट्ठा के पास खड़े दो ट्रैक्टरों में आग लगा दी थी। वहां काम करने वाले मजदूरों ने बताया था कि रात करीब दस बजे स्‍कॉर्पियो से सभी अपराधी पहुंचे। वे भट्ठा मालिक को खोज रहे थे। घटना की सूचना पाकर रोह और गोविंदपुर थाने की पुलिस वहां पहुंची थी। घटनास्थल से खोखा बरामद किए गए थे।

मजदूरों में दहशत व्याप्त

गोलीबारी व आगजनी के बाद ईंट-भट्ठा पर काम करने वाले मजदूरों में दहशत व्याप्त है। मारपीट की घटना से सभी सहमे हुए हैं। मजदूरों के मुताबिक, बदमाशों ने 10-15 राउंड फायरिंग की थी। भय के इस माहौल में काम करना मुश्किल हो गया है। बता दें कि अधिकांश मजदूर इलाहाबाद के रहने वाले हैं।

वर्चस्व को लेकर दो गुटों में चल रही रंजिश

बता दें कि महकार गांव में दो पक्षों में वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चलता आ रहा है। पूर्व में हत्याएं भी हो चुकी हैं। शुरूआती जांच में पुरानी रंजिश के कारण ही ईंट-भट्ठा पर गोलीबारी और आगजनी की घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। जमीन का भी विवाद बताया जा रहा है।

E-Paper