उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में कोहरे ने बढाई मुश्किलें, जानें- अगले तीन कैसा रहेगा मौसम

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम साफ है, लेकिन रात और सुबह मैदानों में कोहरा मुश्किलें बढ़ा रहा है। घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम होने से परिवहन में दिक्कतें पेश आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, दोपहर में चटख धूप खिलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री और न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

पिछले बुधवार को प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात हुआ था, वहीं निचले इलाकों में बारिश से कड़ाके की सर्दी पड़ रही थी, लेकिन इसके बाद से पारा लगातार चढ़ रहा है। शनिवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि दस साल में सर्वाधिक है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) कमजोर पड़ा है। इसके अलावा मानसून में बारिश कम होने के कारण बर्फबारी भी में कुछ कमी नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सुबह और शाम घना कोहरा छा सकता है। इस दौरान वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है। कोहरे से रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हो सकता है।

विभिन्न शहरों में तापमान

शहर       अधि.      न्यून.

देहरादून     25.0     09.0

उत्तरकाशी   19.6     04.3

मसूरी       18.7     06.5

टिहरी       19.4     06.8

हरिद्वार     21.3     11.9

जोशीमठ    11.5     03.4

पिथौरागढ़   21.6     04.0

अल्मोड़ा    20.3     05.6

मुक्तेश्वर    17.8     04.6

नैनीताल     17.2     05.5

यूएसनगर    18.6    11.8

चम्पावत     20.4    02.0

E-Paper