पंजाब: धुंध के कारण जालंधर से मुंबई फ्लाइट हुई बंद, इस दिन से दिल्ली के लिए रोजाना उड़ान

धुंध की वजह से लगातार कैंसिलेशन और देरी झेल रही मुंबई-आदमपुर-मुंबई सेक्टर की फ्लाइट आखिरकार रविवार से बंद कर दी गई है। मौजूदा परिस्थितियों में अब मुंबई फ्लाइट के 27 मार्च के बाद ही संचालित होने की संभावना है। रविवार को आखिरी बार मुंबई-आदमपुर-मुंबई सेक्टर की फ्लाइट समय पर संचालित की गई।

पूरे दिसंबर बनी रही मुश्किल

मुंबई सेक्टर की फ्लाइट पिछले साल 25 नवंबर को शुरू की गई थी। शुरुआत में तो कुछ दिन फ्लाइट सप्ताह में सातों दिन संचालित की जा रही लेकिन बाद में इसे सप्ताह में 4 दिन कर दिया गया। दिसंबर में दोआबा क्षेत्र क्षेत्र में पड़ने वाली धुंध की वजह से फ्लाइट को कई बार कैंसिल करना पड़ा था। कई बार फ्लाइट घंटों देरी से संचालित की गई। एक बार तो मुंबई से आदमपुर आ रही फ्लाइट को चंडीगढ़ से ही दिल्ली डाइवर्ट करना पड़ा था।

होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया पंजाब चैप्टर के संस्थापक प्रतिनिधि और होटल रेडिसन के मालिक गौतम कपूर ने कहा कि मुंबई की फ्लाइट बंद हो जाने से निसंदेह नुकसान हुआ है। विपरीत मौसमी परिस्थितियों में फ्लाइट समय पर संचालित नहीं हो पा रही थी। आशा है कि मार्च से फिर से एक बार दोआबा निवासियों को मुंबई की फ्लाइट की सुविधा मिल सकेगी।

हॉक लेदर्स इंडस्ट्रीज के संचालक एसपीएस राजू विर्क ने कहा कि एयर कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है। आदमपुर से मुंबई की फ्लाइट शुरू होने से बड़ी राहत मिली थी। धुंध की वजह से फ्लाइट का बंद हो जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। आशा है कि मार्च के बाद फिर से फ्लाइट शुरू होगी।

अब दिल्ली की फ्लाइट डेली

हालांकि दोआबा के यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि मंगलवार से आदमपुर दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट रोजाना संचालित की जाएगी। 12, 13 एवं 14 जनवरी को फ्लाइट शाम 4:05 पर दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी 15 जनवरी से आदमपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के लिए फ्लाइट का समय शाम 5:05 निर्धारित रहेगा। इससे पहले दिल्ली से आने वाली फ्लाइट 4:45 बजे आदमपुर में लैंड किया करेगी।

 

E-Paper