हेमंत सरकार के एक साल पूरे होने पर भाजपा ने जारी किया आरोप पत्र, गिनाई विफलता

हेमंत सरकार के एक साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को आरोप पत्र जारी कर सरकार की एक साल की नाकामियां गिनाईं। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनता की सरकार से जनता की पहली अपेक्षा राज्य में अमन-चैन की होती है, लेकिन सरकार इसमें पूरी तरह विफल रही। कहा, एक साल में राज्य में अपराध की स्थिति वैसी ही रही, जैसी राज्य गठन से पहले संयुक्त बिहार में थी। कोरोना काल में जहां दूसरे राज्यों में अपराध कम हुआ, वहीं झारखंड में यह बढ़ गया।

यहां एक साल में डेढ़ हजार से अधिक दुष्कर्म की घटनाएं हुईं। कई शांत क्षेत्रों में उग्रवाद की घटनाएं बढ़ गईं। इस मौके पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने वर्तमान सरकार को सौ में शून्य अंक देते हुए कहा कि एक वर्ष में लूट-खसोट, भ्रष्टाचार, अपराध सरकार की उपलब्धियां रहीं। यह सरकार प्रवासी मजदूरों को रोजगार देना तो दूर मजदूरों की मैपिंग भी नहीं करा सकी। कहा, सरकार जो खर्च सालगिरह मनाने पर खर्च कर रही है, अच्छा होता वह खर्च कोरोना पीड़ितों पर करती।

E-Paper