पंजाब: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अबोहर में युवती से ढाई साल तक दुष्कर्म

जेएनएन, अबोहर। एक व्यक्ति ने जाब दिलाने के बहाने किशोरी को अपने घर में रखा। इस दौरान घर के मालिक के भाई ने किशोरी की अश्लील वीडियो बना दी और उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोपित अक्सर उसके साथ दुष्कर्म करता था। वह किशोरी को धमकी देता था कि अगर उसने किसी को इसके बारे में बताया तो वह उसकी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर डाल देगा। दुष्कर्म का यह सिलसिला ढाई वर्ष तक चलता रहा। किशोरी ने अब मामले की शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन में की है। थाना खुइयां सरवर पुलिस ने दो भाइयों व दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एसआइ प्रोमिला रानी कर रही हैंं।

17 वर्षीय किशोरी अबोहर के एक गांव की रहने वाली है। किशोरी ने चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से दी शिकायत में बताया कि सतनाम सिंह नाम का व्यक्ति ढाई वर्ष से उससे शारीरिक संबंध बना रहा है। किशोरी के मुताबिक सतनाम सिंह ने धोखे से उसकी अश्लील वीडियो बना दी व फोटो खींच ली। इसके बाद वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। कहा कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह उसकी वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल कर देगा। 

किशोरी के साथ दुष्कर्म का सिलसिला ढाई वर्ष तक चलता रहा। आखिरकार आजिज आकर किशोरी ने चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दी। पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर आरोपित परगट सिंह व उसके भाई सतनाम सिंह निवासी गांव दौलतपुरा के अलावा जोती पत्नी मंगल सिंह निवासी इंद्रा नगरी व जज्सी निवासी श्रीगांगनगर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, खुइयां सरवर पुलिस ने नाबालिगा का सरकारी अस्पताल में मेडिकल करवाया गया है।

जाब दिलाने के लिए पीड़िता को रखा था घर

पीड़िता ने बताया कि उसके पिता काफी समय से लापता हैंं। वह पांच बहनेंं हैं। परगट सिंह ने उसे किसी कंपनी में जाब दिलाने के लिए अपने साथ अपने घर में रखा हुआ था। वह ढाई वर्ष से उसके साथ ही रह रही थी। उसके (परगट सिंह) भाई सतनाम सिंह ने उसकी अश्लील वीडियो तथा फोटो खींच कर उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। इतना ही आरोपित की बहन ज्योति ने अपनी सहेली के साथ मिलकर एक महिला जस्सी के पास गंगानगर में छोड़ने का फैसला लिया था।

E-Paper