झारखंड राज्य टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पूर्वी सिंहभूम का दबदबा, अर्चिता ने जीता दोहरा खिताब

पूर्वी सिंहभूम की अर्चिता डे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड राज्य टेबल टेनिस चैंपियनशिप में कैडेट व जूनियर बालिका वर्ग का खिताब जीत लिया है। कैडेट बालक वर्ग में पूर्वी सिंहभूम के सौमिल महतो व जूनियर बालक वर्ग में हजारीबाग के प्रतीक अग्रवाल विजेता रहे।

रांची के जेएससीए स्टेडियम परिसर स्थित टेबल टेनिस हॉल में सोमवार को सारे मुकाबले हुए। उद्घाटन के मौके पर झारखंड ऊर्जा विकास निगम के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार सिंह, झारखंड टेबल टेनिस संघ के सचिव जय कुमार सिन्हा, सह सचिव सुदिप्तो मुखर्जी, गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव कमलेश दुबे उपस्थित थे।

परिणाम

-कैडेट बालिका वर्ग : विजेता: अर्चिता डे (पूर्वी सिंहभूम), उपविजेता : आध्या चौहान (पूर्वी सिंहभूम), तीसरे स्थान पर : स्वास्तिक शुक्ला (पूर्वी) व अंजलि कुमारी (गढ़वा)

-कैडेट बालक : इस वर्ग में पूर्वी सिंहभूम के सौमिल महतो विजेता व इसी जिले के अरुनव साहा उपविजेता रहे। तीसरे स्थान पर हजारीबाग के मुकुंद बादल व गढ़वा के हर्षित पांडे संयुक्त रूप से रहे।

-जूनियर बालिका वर्ग : पूर्वी सिंहभूम की अर्चिता डे विजेता व गढ़वा की अंजलि कुमारी उपविजेता रही। तीसरे स्थान पर जान्हवी प्रसाद व आध्या चौहान रही।

-जूनियर बालक वर्ग : हजारीबाग के प्रतीक अग्रवाल चैंपियन रहे। गढ़वा के नीतीश मेहता उपविजेता तथा पूर्वी सिंहभूम के सौमिल महतो व गढ़वा के अनिल मेहता संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

एक दिवसीय राज्य स्तरीय जंप रोप प्रशिक्षण शिविर कल

झारखंड जंप रोप एसोसिएशन एवं रांची जिला  जंप रोप एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में 27 दिसंबर (रविवार) को सुबह नौ बजे से विधायक क्लब हॉल, सेक्टर टू धुर्वा में एक दिवसीय राज्य स्तरीय जंप रोप प्रशिक्षण शिविर व वार्षिक आमसभा होगी। इस शिविर में सभी जिलों के प्रशिक्षक व तकनीकी पदाधिकारी भाग लेंगे।

E-Paper