उत्तराखंड में आज से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, हल्की बारिश व बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड

क्रिसमस के फौरन बाद अगले दिन राज्य में मौसम के मिजाज में कुछ परिवर्तन आ सकता है। मौसम केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के मुताबिक एक बार फिर राज्य के गढ़वाल क्षेत्र के ऊंचाई वाले हिस्सों में हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है। बाकी स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा। मौसम का यह बदलाव 26 दिसम्बर की दोपहर बाद होने लगेगा। शनिवार को दोपहर से पहले आसमान साफ रहेगा। फिर शाम तक आसमान पर बादलों की मौजूदगी रहेगी।

27 को कुछ इलाकों में तेज हवाएं व धूल भरी आंधी के साथ बारिश हो सकती है। उसके अगले दिन 28 दिसम्बर कमोबेश ऐसा ही रहेगा और बारिश में कुछ स्थानों पर तेजी आ सकती है। हालांकि 29 को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा।

मौसम केन्द्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उसके बाद मौसम सामान्य रहेगा। मौसम में बदलाव के कारण आने वाले दिनों में ठंड में इजाफा हो सकता है। वहीं देहरादून में भी मौसम बदलाव के कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। जिससे मसूरी, दून में भी ठंड का एहसास बढ़ सकता है।

E-Paper