2019 लोकसभा चुनावों से पहले फर्जी मतदाता होंगे बाहर, चालू हुआ अभियान

लखनऊ। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले फर्जी मतदाताओं को मतदाता सूची से निकलवाने और नए मतदाता बनाने के लिए जिम्मेदारी और जवाबदेही तय कर दी है। जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस 23 जून से 25 जून तक बूथ स्तर तक पहुंचकर भाजपा के प्रमुख लोग मतदाता सूचियों का निरीक्षण करेंगे। इसके लिए संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर मंत्री, सांसद और विधायकों को भी बूथों तक पहुंचने की हिदायत दी गई है। 25 जून को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय चंदौली और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल लखनऊ महानगर के बूथ पर पहुंचेंगे।

मतदाता सूची पर भाजपा सतर्क

मतदाता सूची को लेकर भाजपा बहुत सजग है। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान प्रभारी और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीस राठौर ने बताया कि सभी मंत्री, विधायक और सांसद 23 से 25 जून के बीच अपने बूथ पर जाकर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य करेंगे। बूथ पर एक-एक परिवार में जाकर मतदाता सूची में नए मतदाता को जुड़वाने व फर्जी मतदाताओं के नाम बीएलओ के माध्यम से हटवाएंगे। सभी सांसद, विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्र के बूथों पर पुनरीक्षण करेंगे। राठौर ने सांसदों के साथ ही पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। 23 जून को प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव बालियान मुजफ्फरनगर, पुरुषोत्तम खण्डेलवाल फीरोजाबाद, दयाशंकर सिंह फैजाबाद, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक मुजफ्फरनगर, अशोक कटारिया बिजनौर, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता लखनऊ जिला, देवेन्द्र सिंह चौधरी मेरठ महानगर, धर्मवीर प्रजापति हाथरस, अंजुला माहौर आगरा महानगर, कामेश्वर सिंह खलीलाबाद व सुब्रत पाठक  औरैया में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ पर सम्पर्क करेंगे।

किस बूथ पर जिम्मेदारी किसकी

24 जून को प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर लखनऊ महानगर, कान्ता कर्दम शामली, जसवंत सैनी सहारनपुर, नवाब सिंह नागर हापुड़, पद्म सिंह चौधरी बलरामपुर, अक्षयवर लाल गौड़ श्रावस्ती, लक्ष्मण आचार्य सोनभद्र, डॉ. राकेश त्रिवेदी प्रतापगढ़, रंजना उपाध्याय बांदा, सुधीर हलवासिया हरदोई, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक लखनऊ जिला, विद्यासागर सोनकर बाराबंकी, सलिल विश्नोई उन्नाव, गोविंद नारायण शुक्ल आगरा, प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह चौधरी बागपत, संतोष सिंह गोंडा, देवेश कोरी फतेहपुर, रामतेज पाण्डेय जौनपुर, प्रकाश पाल कानपुर देहात, संजय राय भदोही, त्रयम्बक त्रिपाठी लखनऊ जिला, वाईपी सिंह गौतमबुद्ध नगर जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ पर सम्पर्क करेगें। 25 जून को प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा बदायूं, शिवनाथ यादव वाराणसी, प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह बाराबंकी में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ पर संपर्क करेंगे।

प्रभार मंत्रियों पर भाजपा की नजर

चतुर्थ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश सरकार के कई मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों में नहीं गए। भाजपा ने इस बार कुछ मंत्रियों के कार्यक्रम नहीं लगाये थे क्योंकि उन लोगों ने पहले ही छुट्टी ले ली थी लेकिन, कई ऐसे भी हैं जो कार्यक्रम लगने के बाद भी अपने निर्धारित जिले में नहीं गए। इसकी अलग-अलग वजह भी सामने आ रही है। भाजपा इस बात की पड़ताल कर रही है कि मंत्रियों के न जाने की क्या वजह है। भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि शाहजहांपुर में मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण के जाना था लेकिन, मथुरा में एक जवान की शहादत की वजह से वह नहीं जा सके। ऐसे और भी कुछ मंत्रियों के न जाने की वजह पता चली है।

E-Paper