भाजपा नेताओं को सीएम योगी ने दिया चुनावी संदेश, कहा- सभी चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं….

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी नेताओं, सांसदों, विधायकों को रविवार को चुनावी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। चक्कर न लगाएं। कोई काम न करे तो चुपचाप संगठन को बताएं। संगठन और सरकार भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता के साथ खड़ा है। उन्होंने जिलाध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों को सरकारी बैठकों में जाने से भी परहेज करने को कहा।

रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बागपत रोड स्थित भाजपा पश्चिमी क्षेत्र कार्यालय में मेरठ मंडल के संगठन के पदाधिकारियों की बैठक ली। करीब घंटे भर की बैठक में उन्होंने कहा कि मिशन-2022 में कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी जुट जाएं। अब विधानसभा चुनाव में बस एक साल का समय रह गया है। इसे ध्यान में रख लें। विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने का काम करें।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी क्षेत्र में विकास का पहिया दौड़ रहा है। रैपिड रेल, दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे का काम प्रगति पर है। भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, विधायक डा.सोमेन्द्र तोमर, सत्यप्रकाश अग्रवाल आदि के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ के लोग हवाई अड्डा और रिंग रोड का काम जल्द चाहते हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री से बात कर हवाई अड्डा के प्रोजेक्ट को गति दी जाएगी। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे।

पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पार्टी बड़ी तपस्या से पहुंची है। भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहे हैं। सभी सामूहिक तौर से कार्य करें।

भाजपा कार्यालय में किया पौधारोपण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में पौधारोपण भी किया। बरगद का पौधा लगाकर कहा कि भाजपा इसी बरगद की तरह आगे बढ़ती रहेगी।

E-Paper