भाजपा के मंडल अध्यक्ष को पीटा, लेखपाल हुए निलंबित, जानें पूरा मामला

एडीएम अमित कुमार सिंह ने बताया कि लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। प्रकरण की विस्तृत जांच तहसीलदार को सौंपी गई है।

नई दिल्ली।  जाति प्रमाणपत्र बनवाने तहसील पहुंचे भाजपा के बागपत देहात मंडल अध्यक्ष ओमबीर सिंह के साथ हल्का लेखपाल की कहासुनी हो गई। आरोप है कि लेखपाल ने तीन साथियों के साथ मिलकर भाजपा नेता को बंधक बना लिया और फिर पीटा। विरोध में भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर कार्यकर्ताओं के साथ तहसील पहुंचे और हंगामा किया, जिसके बाद लेखपाल को निलंबित कर दिया गया। 

निबाली गांव निवासी भाजपा के बागपत देहात मंडल अध्यक्ष ओमबीर सिंह ने बताया कि वह अपने परिचित संघ के पदाधिकारी की बेटी का जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए तहसील पहुंचे थे। आरोप है कि हल्का लेखपाल सुरेंद्र ने उन्हें एक लड़के के पास भेज दिया, जो कि निजी तौर पर रख रखा था। लड़के ने उनसे एक हजार रुपये मांगे। विरोध किया तो कहासुनी हो गई। लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए। अपने सहयोगी अमित और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर ओमबीर सिंह को नायब तहसीलदार के कमरे में खींच लिया और मारपीट की। उनकी जेब से मोबाइल और 1900 रुपये भी निकाल लिए। 

वहीं तहसील में मौजूद एक कार्यकर्ता ने भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर को जानकारी दी। जिलाध्यक्ष, बड़ौत चेयरमैन अमित राणा, विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र पंवार समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता तहसील पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हुई। एडीएम अमित कुमार सिंह, एसडीएम अनुभव कुमार से कार्यकर्ताओं ने लेखपाल के निलंबन की मांग रखी। करीब दो घंटे तक बातचीत चलती रही। 

चार घंटे हंगामा, निलंबन के बाद लौटे भाजपाई-

ओमबीर पर हमले के बाद एसडीएम कार्यालय पर चार घंटे हंगामे की स्थिति बनी रही। समझौता वार्ता भी बेनतीजा रही। चार घंटे बाद निलंबन हुआ, जिसके बाद भाजपा नेता तहसील से लौटे।

ओमबीर ने बताया कि करीब दस बजकर 40 मिनट पर हमला किया गया। भाजपा नेता और कार्यकर्ता 11 बजे तहसील पहुंचे। भाजपा के 12 मंडलों के पदाधिकारी भी आ गए। ओमबीर ने कहा कि लेखपाल यहां नियम विरुद्ध निजी लड़के रखते हैं, इसकी भी जांच होनी चाहिए। एसडीएम कार्यालय के सामने कार्यकर्ता चार घंटे तक जमा रहे और कार्रवाई के बाद तीन बजे ही लौटे।

समझौते पर आपस में उलझ गए भाजपाई-

हंगामे के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने समझौते की बात रखी, जिस पर हंगामा हो गया। विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र पंवार बली ने कहा कि समझौता बर्दाश्त नहीं होगा।

भाजपा नेता पर अभद्रता का आरोप, लेखपालों की बैठक आज-

लेखपाल को निलंबित किए जाने के बाद लेखपाल संघ में रोष है। तहसील शाखा के अध्यक्ष सौरण सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे संघ की बैठक बुलाई गई है। सर्वसम्मति से इस प्रकरण में फैसला लिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो जिला इकाई की मदद भी ली जाएगी। भाजपा नेता ओमबीर सिंह ने लेखपाल के साथ अभद्र व्यवहार किया था। पूरा संगठन एक है।

E-Paper