आंदोलनकारी किसानों के लिए लंगर और डॉक्टरी होगी उपलब्ध: पंजाब यूथ कांग्रेस

नई दिल्ली।  केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ संघर्ष कर रहे किसानों की हिमायत में पंजाब यूथ कांग्रेस ने एलान किया है कि दिल्ली पहुंचने वाले सभी किसानों के लंगर और स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रबंध यूथ कांग्रेस की ओर से किया जाएगा। 

पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान बरिन्दर सिंह ढिल्लों ने बुधवार शाम से ही अपनी टीम समेत दिल्ली में डेरा डाल दिया है। दिल्ली स्थित इंडियन यूथ कांग्रेस के दफ़्तर को सराय में तबदील करदिया गया है। 

ढिल्लों ने कहा कि अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे किसानों के साथ पंजाब यूथ कांग्रेस चट्टान की तरह खड़ी है और संघर्ष के दौरान उनकी जरूरतों के अनुसार प्रबंध करती रहेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली जा रहे किसानों को पंजाब यूथ कांग्रेस लंगर के साथ-साथ मेडिकल सेवा भी उपलब्ध करवाएगी। 

उन्होंने कहा कि किसानों के धरने के समय लगातार लंगर जारी रहेगा और दिल्ली जा रहे किसानों के लिए भी रास्ते में प्रबंध किए जाएंगे। इसके साथ ही दिल्ली जा रहे किसानों के रहने का भी पुख़्ता प्रबंध पंजाब यूथ कांग्रेस की तरफ से किया जाएगा। इसके साथ ही बरिन्दर ढिल्लों ने पंजाब के सभी सांसदों से अपील की कि वे किसानों के रहने का प्रबंध अपने आवास में करें।

E-Paper