यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का सरकार पर हमला

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की जड़ फिर से मजबूत करने के प्रयास में लगीं पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार हमला बोलने में लगी रहती हैं। सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव प्रियंका गांधी फेसबुक के साथ ट्विटर पर उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर बेहद मुखर हैं।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोलने के साथ बेहद गंभीर आरोप भी लगाया है। प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर अपराध पर पर्दा डालने का आरोप लगाया है। इनको लेकर उन्होंने ट्वीट भी किया है। प्रियंका ने कहा कि अपराध चिंघाड़ते हुए प्रदेश की सड़कों पर तांडव कर रहा है। उत्तर प्रदेश के सीएम सरकार की स्पीड बताते हैं और अपराध का मीटर उससे दोगुनी स्पीड से भागने लगता है।

प्रियंका गांधी वाड्रा का यह ट्वीट तब आया है, जब प्रदेश में 24 घंटे में एक दर्जन से अधिक हत्या को अंजाम दिया गया है। इस ट्वीट में प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की आपराधिक घटनाओं का ग्राफ बनाकर जिलावार जिक्र किया है। इसमें बलिया के पत्रकार व आजमगढ़ में पंचायत सदस्य की हत्या का भी जिक्र है।

इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर भी चिंता जताई है। प्रियंका गांधी का अब सारा फोकस उत्तर प्रदेश पर ही है।

 

E-Paper