गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश से बाढ़ आई, जानिए अन्य राज्यों का हाल

देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून का असर दिखाई दे रहा है। गुजरात, महाराष्ट्र और बिहार में भारी बारिश से बुरा हाल है। इन राज्यों में कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसी हालात बन गई है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों में मध्य एवं पश्चिमोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर है। इस वजह से अगले चार-पांच दिनों में मध्य और पश्चिमोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है।

विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में ओडिशा, बंगाल, झारखंड और बिहार में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अगले तीन दिनों के दौरान गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में भी भारी बारिश की संभावना है।  पूर्वी उत्तर प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पहले से ही सक्रिय बना है। इस सिस्टम से पूर्वी मध्य प्रदेश होते हुए विदर्भ तक एक ट्रफ बना हुआ है। राजस्थान के उत्तर-पूर्वी भागों पर भी एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई में आज भी भारी बारिश की संभावना है, वहीं, देश की राजधानी दिल्ली में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की भी संभावना है। इसके अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, और आंतरिक कर्नाटक पर मानसून का सामान्य रहने की संभावना है। वहीं देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका के अनुसार आज दोपहर 1.03 बजे समंदर में 4.67 मीटर ऊंचाई के हाई टाइड उठने की संभावना है।

गुजरात में बारिश से बुरा हाल, द्वारका समेत कई शहरों में सड़कें पानी-पानी

इस बीच गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश से कोहराम मचा है। गुजरात के द्वारका, जूनागढ़ और पोरबंदर इलाके में बीते दिन जमकर बरसात हुई है। इस बारिश से तो द्वारका में हालात बेकाबू से होते दिख रहे हैं, जहां सड़कों पर पानी-पानी हो गया है और मानो नदियां सड़क पर ही बह रही हों।

E-Paper