अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा- भाजपा के विधायक तक तो सुरक्षित नहीं…

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कई विधायकों को धमकी दिए जाने के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भय और अराजकता के साये में जीने को मजबूर है। समाज का कोई वर्ग सुरक्षित नही है। विधायकों को खुलेआम धमकी भरे संदेश देकर फिरौती मांगी जा रही है। पूर्व डीजीपी के घर डकैती जैसी घटना यह बताने के लिए पर्याप्त है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। सरकार हर मामले विफल साबित हो रही है।

सरकार हर मसले पर विफल

कुत्तों का आतंकः पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सीतापुर के अतिरिक्त रायबरेली में भी कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। कई मासूमों की मौत के बाद भी शासन-प्रशासन का रवैया संवेदना शून्य है। 

पद्रव और लूटपाटः अखिलेश ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा में लूटपाट, एटा में पुलिस टीम पर हमला, फतेहपुर में खनन माफिया के उपद्रव जैसी घटनायें पूरे प्रदेश में आम हो गई है। 

फर्जी एनकाउंटरः अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने सत्ता संभालते ही प्रदेश से अपराधियों के पलायन की बात कही थी, लेकिन इसमें अपनी असफलता छिपाने के लिए फर्जी एनकाउंटर का सहारा लिया जा रहा है। भाजपा ने जनता को गुमराह कर सत्ता हासिल की है। 

अब उम्मीद खत्मः अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के रहते प्रदेश की कानून व्यवस्था दुरुस्त होने की कतई उम्मीद नहीं की जा सकती है। जिस जनता ने अच्छे दिनों के वादे पर वोट से सत्ता बदली थी, वही अब वोट से फिर बदलाव करने का मन बना चुकी है। 

E-Paper