मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर करेंगे प्रबुद्धजनों से सम्पर्क और…

लखनऊ। मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर भाजपा सरकार और संगठन के प्रतिनिधि प्रबुद्धजनों से संपर्क करेंगे और अनुसूचित बस्तियों में समरसता के लिए जो कुछ बन सकेगा करेंगे। केंद्र की भाजपा सरकार की 26 मई को चार साल पूरे कर रही है। चौथी सालगिरह को भाजपा कुछ खास अंदाज में मनाने का इरादा रखती है। उस दिन बुद्धिजीवियों के बीच संगोष्ठी में मोदी का गुणगान होगा जबकि पखवारे भर प्रबुद्धजन से संपर्क कर उपलब्धियों का साहित्य बांटा जाएगा। साहित्य बांटने की जिम्मेदारी मंत्री, सांसद, विधायक से लेकर संगठन तक को सौंपी गई है। इस बीच अनुसूचितों की बस्तियों में भी एक दिन विशेष अभियान चलेगा।

चार साल मोदी सरकार का अभियान

  • कलाकारों-बुद्धिजीवियों से संपर्क
  • अनुसूचित बस्तियों में समरसता
  • हर बूथ पर 50 लोगों से मुलाकात
  • विधानसभावार बाइक रैली निकलेगी
  • महापुरुषों की मूर्तियों पर माल्यार्पण
  • स्वच्छता अभियान एवं सफाई 
  • केंद्र सरकार का उपलब्धि बखान

25 मई से अभियान

मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होते ही भाजपा का चुनावी बिगुल बज उठेगा। जो कार्यक्रम निर्धारित किये गये हैं वह मिशन 2019 के लोकसभा चुनाव को लक्ष्य कर तय किये गये हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष, संगठन मंत्री और जिलाध्यक्षों को कार्यक्रम की रूपरेखा भेज दी है। इस अभियान के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, निगम एवं बोर्ड के चेयरमैन, जिला पंचायत अध्यक्षों के अलावा संगठन के प्रमुख लोगों को 25-25 प्रबुद्ध व्यक्तियों से संपर्क का जिम्मा सौंपा गया है। कार्यक्रम की शुरुआत 25 मई से होगी। इस दिन सभी जिलों में संगठन की ओर से पत्रकार वार्ता का आयोजन कर मोदी सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियां बताई जाएंगी। 

26 को बुद्धिजीवी-साहित्यकार सम्मेलन

26 मई बुद्धिजीवी, साहित्यकार और कलाकारों का सम्मेलन होगा। 26 से पार्टी के वरिष्ठ नेता जिला और प्रदेश में प्रबुद्ध व्यक्तियों से संपर्क करेंगे। उनके बीच उपलब्धियों का साहित्य बांटा जाएगा। प्रबुद्ध लोगों की सूची तैयार करने को जिलाध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय और जिला न्यायालयों के सेवानिवृत्त न्यायाधीश, सेवा एवं प्रशासन के सेवानिवृत्त प्रमुख अधिकारी, प्रदेश के साहित्य, कला, सिनेमा, लेखन एवं संगीत की विशिष्ट हस्तियां, प्रमुख खिलाड़ी, विभिन्न सामाजिक सांस्कृतिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रमुख, समाचार पत्रों के संपादक, मालिक एवं वरिष्ठ पत्रकार, उद्योग एवं व्यापक संगठन के प्रमुख, किसान नेता, मार्केट समितियों के प्रमुख, बार, सीए, फिक्की समेत प्रमुख प्रोफेशनल एसोसिएशन के पदाधिकारियों से संपर्क होगा। 

हर बूथ पर 50 लोगों से होगा संपर्क 

भाजपा ने सबसे निचली इकाई बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान तय किया गया है। 27 मई से हर बूथ पर भाजपा के मंडल कार्यकारिणी एवं बूथ प्रमुखों द्वारा 50 लोगों से संपर्क होगा और केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताई जाएंगी। भाजयुमो द्वारा 28 मई को विधानसभावार बाइक रैली निकाली जाएगी। 29 मई को सभी मंडल में एक अनुसूचित जाति की बस्तियों व ग्राम सभाओं में एक दिवसीय विशेष संपर्क अभियान चलेगा। 30 एवं 31 मई को सभी महापुरुषों की सार्वजनिक स्थानों पर लगी मूर्तियों एवं परिसर का एक दिन का स्वच्छता अभियान एवं सफाई तथा माल्यार्पण का कार्यक्रम निर्धारित है। 

E-Paper