देवास के बड़ोदिया खान गांव में जन्मदिन की पार्टी के बाद 16 लोग हुए कोरोना पॉजिटिव

देवास में 19 और सतना में 5 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। देवास के बड़ोदिया खान गांव में जन्मदिन की पार्टी के बाद 16 लोग कोरोना की चपेट में आ गए। मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस पॉजिटिव की संख्या 6930 के ऊपर पहुंच गई है, इससे यहां 258 लोगों की मौत हो चुकी है और 3428 लोग स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। प्रदेश में कोरोना वायरस के 3249 एक्टिव केस हैं। इंदौर में कोरोना वायरस एक्टिव केस की संख्या 1502 है। भोपाल में 548, उज्जैन में 299 और जबलपुर में 54 एक्टिव केस हैं। मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से जुड़ी अपडेट व अन्य खबरों के लिए पढ़ि‍ए यहां…

नरसिंहपुर जिले में कोरोना के 3 और मामले बढ़े, संख्या हुई 8

नरसिंहपुर जिले के ग्राम बिल्थारी के पहले कोरोना पाजिटव के साथ अहमदाबाद से आए तीन व्यक्ति और कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। कलेक्टर दीपक सक्सेना द्वारा जारी सूचना के अनुसार दो व्यक्ति (एक महिला सहित) ईश्वरपुर और एक व्यक्ति नादिया के निवासी है। उल्लेखनीय है कि ईश्वरपुर और नादिया को पूर्व से ही कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है। जिले में कोरोना पाजिटव की कुल संख्या अब 8 हो गई है।

देवास में मिले 19 कोरोना पॉजिटिव

देवास में 19 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। देर रात 3 मरीज मिले थे और आज सुबह 16 नए मरीज मिले हैं। जिस गांव बड़ोदिया खान से 16 मरीज मिले हैं वो राजपूत समाज का बाहुल्य गांव है। सांवेर से उज्जैन की ओर से करीब 5 किमी दूर है। यहां पांच-छह दिन पहले एक जन्मदिन की पार्टी थी। जहां इंदौर से एक बुजुर्ग महिला भी आईं थीं। वे अचानक बीमार हुईं और तीन चार दिन पहले इंदौर में उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद 24 लोगों की सैंपलिंग हुई जिसमें ये लोग पॉजिटिव मिले हैं।

सतना में एक साथ मिले पांच नए कोरोना पॉजिटिव

सतना जिले के बिरसिंहपुर तहसील क्षेत्र में 3 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, इनमें एक युवक बिरसिंहपुर के वार्ड क्रमांक 11 का निवासी बताया जा रहा है, जो क्वारंटाइन सेंटर में है। दो अन्य संक्रमित युवक माल मऊ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। तहसीलदार मनीष पांडे ने इसकी पुष्टि की है। यहां कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 19 हो गई है।

दमोह में एक ही परिवार के दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, एक की मौत

दमोह के देहात थाना अंतर्गत पुलिस चौकी नरसिंहगढ़ क्षेत्र के ग्राम कारीजोग खेजरा में सोमवार देर रात राजपूत परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें एक की मौत, पांच लोग घायल हो गए। विवाद का कारण अभी साफ नहीं हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक पक्ष के हरिसिंह उर्फ हरिराम पिता रामनाथ सिंह 55 की सर में चोट लगने से मौत हो गई और राजधर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरे पक्ष में धीरज सिंह पिता शोभरन सिंह, अर्जुन पिता लाखन सिंह 34 ,जयपाल पिता धीरज सिंह 34, राजपाल पिता धीरज सिंह 37 घायल हुए हैं।

बालाघाट में खराब सड़क से नाराज लोगों ने बंद किया रास्ता

बालाघाट में खराब सड़क से गुजर रहे भारी, धूल और गड्ढों से परेशान रहवासियों ने मंगलवार सुबह चक्काजाम कर दिया। उन्होंने पॉलिटेक्निक से जागपुर मार्ग को बंद कर दिया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार, सीएसपी ने रहवासियों को समझाया और जल्द ही सड़क का सुधार कार्य करने का आश्वासन दिया।

E-Paper