झारखंड में मिले कोरोना के 31 नए मरीज, अबतक 408…..

Jharkhand Corona Update झारखंड में कोरोना के मरीजों का मिलना लगातार जारी है। एक दिन पूर्व रविवार को जहां राज्य में 27 नए पॉजिटिव केस मिले थे, वहीं सोमवार को 31 नए मरीज मिले। इनमें रांची के सिल्ली के 10, लातेहार के पांच, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के तीन-तीन, गढ़वा, रामगढ़ तथा बोकारो के दो-दो और पूर्वी सिंहभूम, पलामू, खूंटी व गुमला के एक-एक नए मरीज शामिल हैं। नए मरीजों में अधिसंख्य प्रवासी मजदूर हैं। अच्छी बात यह है कि राज्य में सोमवार को 22 मरीज स्वस्थ भी हुए। इनमें गढ़वा के 14, हजारीबाग के सात तथा रांची के एक मरीज शामिल हैं।

राज्य में कोरोना के 31 नए मरीज मिलने से यहां वर्तमान में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 234 हो गई है। वहीं राज्य में अबतक मिलनेवाले कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 408 तक पहुंच गई है। इनमें 171 मरीज स्वस्थ  हुए हैं। सोमवार को खूंटी में कोरोना का पहला मरीज मिला। इसके साथ ही यह जिला भी अब कोरोना मैप में शामिल हो गया है। झारखंड में अब केवल साहिबगंज जिला ही संक्रमण से बचा हुआ है। खूंटी का मरीज कर्रा प्रखंड के लारता गांव का 25 वर्षीय युवक है, जो 17 मई को मुंबई से बस से लौटा था। सिमडेगा के भी तीनों नए मरीज मुंबई से लौटे थे। वहीं सिल्ली में मिले सभी 10 मरीज अलग-अलग गांवों के हैं जो मुंबई तथा गुजरात से लौटे हैं। उधर पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में एक तथा पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी, टोंटो और चाईबासा में एक-एक मरीज मिले। ये सभी प्रवासी मजदूर हैैं। बता दें कि राज्य में तीन मई के बाद कोरोना के लगातार मामले मिल रहे हैं। सबसे अधिक मुंबई व सूरत से लौटनेवाले लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं।

E-Paper