चीन से बढ़ते तनाव के बीच ताइवान ने किया युद्धाभ्यास, जंग जैसे बनाए गए हालात

ताइपे। हवाई मार्ग को लेकर ताइवान और चीन में बढ़ती तनातनी के बीच ताइवान ने मंगलवार को युद्धाभ्यास किया। इस अभ्यास के दौरान देश के पूर्वी बंदरगाह ह्यूलियन पर जंग जैसे हालात बनाए गए। अभ्यास में दुश्मन के जहाज और टैंक ह्यूलियन बंदरगाह पर उतरे जिनका सामना जमीन पर ताइवान की सेना कर रही थी।

सेना की मदद के लिए ताइवान के लड़ाकू हेलीकॉप्टर और एफ-16 विमान दुश्मन सेना पर बमबारी कर रहे थे। दुश्मन सेना की पहचान के लिए उन्हें लाल रंग के हेलमेट पहनाए गए थे। चीन का नाम लिए बिना ताइवान की सेना ने कहा कि युद्धाभ्यास का उद्देश्य ताइवान जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) में शांति और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने की उसकी क्षमता को प्रदर्शित करना है। यह जलक्षेत्र ताइवान को चीन से अलग करता है।

ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन ने पिछले महीने चीन की बढ़ती सैन्य महत्वाकांक्षाओं के प्रति देश को आगाह किया था। हाल में चीन ने भी ताइवान के इर्द-गिर्द अपनी सैन्य गतिविधियां बढ़ा दी हैं। उसने ताइवान क्षेत्र में अपना नया हवाई मार्ग खोला है। यह हवाई मार्ग दोनों देशो के बीच विवाद का विषय बन गया है। साइ इंग वेन के मई, 2016 में ताइवान की राष्ट्रपति बनने के बाद से ही चीन और ताइवान में तनाव बना हुआ है।

E-Paper