लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा देश के रक्षा मंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की सीएम योगी आदित्यनाथ से इस भेंट पर काफी कयास लग रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव आज दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करने उनके सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग पहुंचे। यह भेंट पूर्व निर्धारित नहीं थी। अचानक मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री से भेंट करने पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। मुलायम सिंह यादव तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच यह भेंट करीब 20 मिनट की थी। इसके बाद वह वापस अपने आवास चले गए।

समाजवादी पार्टी ने मुलायम सिंह यादव के साथ उनके छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव को शामली के कैराना लोकसभा तथा बिजनौर के नूरपुर विधानसभा उप चुनाव में पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर कर दिया है। पार्टी ने सूची चुनाव आयोग को भेज दी है। इस सूची में मुलायम सिंह यादव और शिवपाल सिंह यादव का नाम शामिल नहीं है। मुलायम और शिवपाल का नाम गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में भी नहीं था।  

E-Paper