Weather Update: अंबिकापुर में मार्च महीने में इस साल अब तक 87 मिमी हो चुकी बारिश, इन शहरों में ऐसे हैं मौसम के हालात

छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। ज्यादातर हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की खबर है। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर और आसपास के क्षेत्रों में बीते 24 घंटों से बारिश हो रही है। यहां अब तक 39 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बेमौसम बारिश ने मार्च के महीने का पिछले 22 वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया है। अंबिकापुर में मार्च महीने में इस साल अब तक 87 मिमी बारिश हो चुकी है। जबकि अभी महीने का एक पखवाड़ा बाकी है। इससे पहले वर्ष 1998 में मार्च के महीने में यहां रिकार्ड 100 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

जानकारों के मुताबिक पिछले 50 वर्षों में मार्च में इतनी बारिश नहीं हुई थी। कुछ स्थानों पर आज अलसुबह ओले भी गिरे। महासमुंद जिले के तुमगांव क्षेत्र में ओलावृष्टि से फसल को खासा नुकसान हुआ है। कई इलाकों में खेतों में पानी भर गया है और सब्जियों की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है।

छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों में आज ऐसा रहेगा मौसम का हाल

रायपुर

रायपुर में हल्के बादल छाए हुए हैं। और दिनभर इसी तरह से बदली बनी रहेगी। पूर्वानुमान के अनुसार रविवार की सुबह चार बजे बारिश हो सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वातावरण में नमी की मात्रा 65 फीसद तक रहेगी।

बिलासपुर

बिलासपुर शहर में मौसम के मिजाज बिगड़े हुए हैं। सुबह से ही रूक-रूककर बारिश हो रही है। दोपहर दो बजे के आसपास गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने का अनुमान है। वातावरण में 84 फीसद तक नमीं रहेगी। वर्षा पुर्वानुमान के अनुसार बिलासपुर शहर में 4.3 मिमी तक बारिश हो सकती है।

जगदलपुर

जगदलपुर शहर में सुबह धूप खिली थी। लेकिन दोपहर तक हल्के बादल नजर आने लगे। आज यहां बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं। दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वातावरण में 48 फीसद तक नमी रहेगी।

अंबिकापुर

अंबिकापुर शहर में घने बादल छाए हुए हैं। और कुछ ही समय में यहां गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान है। पूर्वानुमान के मुताबिक देर रात तक यहां रूक-रूककर बारिश होती रहेगी। अगली सुबह भी आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। दिनभर में 4.1 मिमी तक बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वातावरण् में नमी 97 फीसद तक रहेगी।

E-Paper