मौसम विभाग ने शनिवार को मध्य व दक्षिणी झारखंड में भारी बारिश का येलो अलर्ट किया जारी

झारखंड की राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में  शनिवार को गरज के साथ तेज बारिश हो रही है। गरज के साथ बिजली कड़कने, ओले गिरने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। हालांकि 15 और 16 मार्च को मौसम में थोड़ा सुधार होगा। सुबह में धुंध के बाद छिटपुट बादल रहेंगे। जबकि 17 मार्च को आसमान साफ रहेगा। मौसम विभाग, रांची की ओर से मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि 18 व 19 मार्च को फिर से बादल छाएंगे और गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। वहीं मध्य व दक्षिणी झारखंड के जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना जतायी गई है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, गिरिडीह, गुमला, लोहरदगा, रांची, सिमडेगा, रामगढ़, खूंटी, बोकारो और धनबाद में अगले दो से तीन घंटों में मेघ गर्जन के साथ जोरदार बारिश होगी। इस दौरान 45 से 55 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और कहीं-कहीं आंधी चलेगी। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि शनिवार को राज्य के कुछ स्थानों पर तेज हवा व गरज के साथ वज्रपात और ओलावृष्टि हो सकती है।

 

इधर शुक्रवार को डालटनगंज में 6 मिमी बारिश हुई। डॉ. कोटाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सामान्य तापमान की अपेक्षा रांची के अधिकतम तापमान में 2.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य रहा। दिन में हल्की बूंदाबादी भी हुई। मौसम विभाग ने 0.3 मिमी बारिश दर्ज किया।

रुक-रुक हो रही बारिश से ठंड लौटी, आसमान में घने काले बादल

राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में शुक्रवार की देर रात शुरू हुई बारिश शनिवार की सुबह तक रुक रुक कर जारी है। बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या पर सीधा असर पड़ा।आसमान में बादल छाए हैं। रुक-रुक कर हो रही बारिश से ठंड वापस लौट आई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शनिवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। बरसात के कारण किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। किसान खेतों में लगी चना, खेसारी, मसूर सहित अन्य रबी फसल को चिंता की आंखों से निहार रहे हैं।

कृषि विभाग के अनुसार आम की फसल को भी भारी नुकसान होने की संभावना काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च तक इस तरह के मौसम रहने की संभावना है।इस बारिश से रबी फसल के बर्बाद होने लगभग तय है। खेतों में लगी फसल की उपज की संभावना खत्म होने लगी है।  किसानों ने बताया कि दो-तीन तक इसी तरह बारिश होने से खेती में लगी पूंजी भी वापस नही आ पाएगा।  जिले भर में 30 से 40 एमएम बारिश होने का अनुमान है।  इस बारिश से रबी व आम की फसल को काफी नुकसान पहुंचेगा।

चतरा में झमाझम बारिश के साथ खूब हुई ओलावृष्टि

चतरा में झमाझम बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई है। शुक्रवार की पूरी रात जिले में वर्षा हुई है। हालांकि ओलावृष्टि रात करीब दो बजे हुई है। ओलावृष्टि से रबी फसलों का व्यापक नुकसान हुआ है। तेज हवा और ओलावृष्टि से कुछ कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिससे दर्जनों परिवारों के समक्ष आवास की समस्या उत्पन्न हो गई है। प्रभावित परिवार पड़ोसियों या फिर सरकारी भवनों में शरण ले रहे हैं। लोगों का कहना है कि रात आठ भजे से ही झमाझम बारिश हो रही है। रात को करीब दो बजे बारिश और तेज हो गई। साथ ही साथ हवा का रफ्तार भी बढ गया। इसी क्रम ओलावृष्टि हुई है।

पलामू में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित

पलामू जिला मुख्यालय मेदनीनगर समेत जिले के सभी प्रखंडों में पिछले 8 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश से जनजीवनप्रभावित हो गया है। खेतों में लगी फसलें पूरी तरह पानी में डूब गई हैं। मेदिनीनगर नगर निगम के नीचे भागवत सलाम एरिया में भारी जल जमाव होने से लोग घरों में कैद हो गए हैं। सुबह के 7:00 बजे रात का नजारा दिख रहा है।

गढ़वा में लगातार हो रही वर्षा, ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान

गढ़वा जिले में हो रही  वर्षा एवं ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। बेमौसम वर्षा एवं ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। जिला मुख्यालय समेत विभिन्न प्रखंड मुख्यालय में  हो रही वर्षा ने आम जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। सड़क पर बहते नाली के पानी के कारण लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। श्री बंशीधर नगर, रंका, गोदरमाना, रमना, मेराल, चिनियां, केतार समेत अन्य प्रखंडों वर्षा एवं ओलावृष्टि के कारण फसलाें को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी जमा होने के कारण भी फसल बर्बाद हो रहें हैं। कुल मिलाकर मार्च में सावन व भादो का एहसास लोग कर रहें हैं तथा लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पलामू में  देर रात से हो रही भारी बारिश से सड़कों पर भारी जलजमाव हो गया है।

पाकुड़ में रुक-रुक हो रही बारिश से ठंड लौटी, फसल को नुकसान

पाकुड़ जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में शुक्रवार की शाम से बारिश हो रही है। रातभर रुक-रुक के बारिश हुई। शनिवार की सुबह भी झमाझम बारिश हुई। आसमान में बादल छाए हैं। रुक-रुक कर हो रही बारिश से ठंड वापस लौट आई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शनिवार को भी दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इस बारिश से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सावन-भादो का महीना हो। बेमौसम बरसात के कारण किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। किसान खेतों में लगी चना, खेसारी, मसूर सहित अन्य रबी फसल को चिंता की आंखों से निहार रहे हैं।

साहिबगंज में बदला मौसम, रुक-रुक कर हो रही बारिश 

साहिबगंज जिले  में शनिवार  सुबह से रूक रूक कर बारिश हो रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं।  बारिश से रबी फसलों को क्षति पहुंच रही है। मौसम विभाग के अनुसार  दिनभर  बारिश होने की संभावना है।  बारिश से किसान परेशान हैं। किसान खेतों में लगी मूंग चना,  मसूर सहित अन्य फसल को हानि होने की बात कह रहे हैं। आम की फसल को भी नुकसान होने की संभावना  है। 16 मार्च तक इस तरह के मौसम रहने की संभावना है।किसानों ने बताया कि  बारिश होने से खेतों में लगी फसल को क्षति होगी।

आंधी तूफान के बाद गोड्डा में शनिवार की देर रात से ब्लैक आउट

गोड्डा जिला मुख्यालय सहित प्रखंड क्षेत्रों में शुक्रवार की देर रात से ही बिजली आपूर्ति ठप है। बेमौसम बारिश के कारण जगह-जगह बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बिजली विभाग इसकी मरम्मत के लिए रेस्क्यू टीम को अलग-अलग दिशाओं में भेजा है। इससे पहले शुक्रवार की देर शाम से ही यहां बारिश और ओलावृष्टि के बाद कई जगह किसानों के खेतों में लगी फसलें नष्ट हो गई और उन्हें भारी नुकसान सहना पड़ा। सदर प्रखंड के नुनबट्टा और देबू टोला में तबाही का मंजर दिखा। यहां किसान के खेतों में लगी सब्जी और अन्य रबी फसलों पर ओलावृष्टि की मार पड़ी। जानकारी के अनुसार वहां किसानों के सैकड़ों एकड़ खेत में लगी फसलें नष्ट हो गई है और इससे किसानों को लाखों का नुकसान भी हुआ है।

इधर देर रात ताबड़तोड़ बारिश और लाइटिंग के बीच विद्युत आपूर्ति ठप होने से भी शहरवासियों की परेशानी बढ़ी। बिजली आपूर्ति के लिए विभाग कोई समय सीमा नहीं बता रहा है । विभागीय कर्मी बताते हैं कि लाइटिंग और आंधी तूफान से जगह-जगह बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हुए हैं जिसकी मरम्मत के लिए अलग-अलग टीमों को भेजा गया है। अगर लाइन रिस्टोर करती है तो फिर विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी। कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन में गड़बड़ी हुई  है। इसकी मरम्मत के लिए विभागीय टीम लगी हुई  है। जल्द ही बिजली बहाल कर ली जाएगी।

फसलों को नुकसान

कृषि विभाग के अनुसार आम की फसल को भी भारी नुकसान होने की संभावना काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च तक इस तरह के मौसम रहने की संभावना है। किसान खुर्सीद आलम, मदन मोहन, जहांगीर आदि ने बताया कि इस बारिश से रबी फसल के बर्बाद होने लगभग तय है। खेतों में लगी फसल की उपज की संभावना खत्म होने लगी है। उक्त किसानों ने बताया कि दो-तीन तक इसी तरह बारिश होने से खेती में लगी पूंजी भी वापस नही आ पाएगा। खबर भेजे जाने तक झमाझम बारिश हो रही थी। बीटीएम शमीम अंसारी ने बताया कि यह बारिश पूरे जिले भर में है। कितनी बारिश हुई है इसका सटीक आंकड़ा तो नही है, लेकिन बारिश की रफ्तार देखकर अंदाज लगाया जा सकता है कि जिले भर में 30 से 40 एमएम बारिश हुई होगी। उन्होंने बताया कि इस बारिश से रबी व आम की फसल को काफी नुकसान पहुंचेगा।

सामान्य से 538 फीसद अधिक हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो 01 से 12 मार्च तक राज्य में सामान्य बारिश (6.7 मिमी) की तुलना में 538 फीसद अधिक अर्थात 42.8 मिमी बारिश हुई। मौसम पूर्वानुमान के तहत 14 से 19 मार्च तक न्यूनतम तापमान 15 से 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। हालांकि 20 से 26 मार्च तक न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। इसी प्रकार, 14 से 19 मार्च तक अधिकतम तापमान 23 से 31 डिग्री सेल्सियस व 20 से 26 मार्च तक 30 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 14 से 19 मार्च तक सामान्य से अधिक बारिश होगी, जबकि 20 से 26 मार्च तक सामान्य से कम बारिश होगी।

मौसम पूर्वानुमान : मार्च में सावन का अहसास, बिजली गिरने की भी आशंका

  1. 15 मार्च को छाए रहेंगे बादल, हो सकती है बारिश
  2. 16 मार्च को सुबह में धुंध के बाद छिटपुट रहेंगे बादल
  3. 17 मार्च को मौसम होगा साफ
  4. 18 व 19 को छाए रहेंगे बादल, गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की होगी बारिश
E-Paper