Delhi Hunar Haat 2020 उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने पत्नी ऊषा के साथ हुनर हाट का किया दौरा

 Delhi Hunar Haat 2020: उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने पत्नी ऊषा के साथ हुनर हाट का दौरा किया। इस दौरान कलाकारों की कलाकृतियां देखी। नायडू के साथ केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी मौजूद रहे। इससे पहले बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी भी हुनर हाट पहुंचे थे।

बता दें कि हुनर हाट में देश के विभिन्न हिस्सों के कारीगर और शिल्पकार भाग ले रहे हैं। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अचानक राजपथ के लॉन में आयोजित हुनर हाट में पहुंचकर लोगों को चौंका दिया था। वहां उन्होंने बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध व्यंजन लिट्टी-चोखा खाया और कुल्हड़ में चाय पी। उन्होंने इसका भुगतान भी स्वयं किया। ‘कौशल को काम’ थीम पर आधारित हुनर हाट 13 फरवरी से 23 फरवरी तक राजपथ के लॉन में आयोजित किया जा रहा है। जहां देशभर के हुनर के उस्ताद दस्तकार, शिल्पकार, खानसामे भाग ले रहे हैं। इनमें 50 फीसद से अधिक महिला दस्तकार शामिल हैं।

इंडिया गेट में हुई पेंटिंग स्पर्धा

उधर, दिल्ली पुलिस सप्ताह 2020 के तहत बुधवार को दिल्ली यातायात पुलिस ने इंडिया गेट सी-हेक्सागॉन लॉन में रोड सेफ्टी क्लब के साथ ‘ऑन-द-स्पॉट’ पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिल्ली के पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोड सेफ्टी के बारे में समझाना होगा, जिससे वे इसे आत्मसात कर सकें।

उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या 2018 में 1690 थी जो 2019 में 1463 हो गई। यह लोगों में यातायात नियमों की समझ व उनका पालन करने के कारण संभव हो सका है। प्रतियोगिता में दिल्ली के 20 से अधिक स्कूलों के 800 छात्रों ने हिस्सा लिया। दिल्ली कॉलेज ऑफ आट्र्स, जामिया व कैपिटल कॉलेज ऑफ फाइन आट्र्स की फैकल्टी ने प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार विजेताओं का चयन किया, जिन्हें मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। इस मौके पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आयोजित की गई निबंध लेखन, भाषण व पोस्टर स्पर्धा के विजेतां भी पुरस्कृत हुए। इस मौके पर विशेष आयुक्त यातायात ताज हसन और विशेष आयुक्त आरएस कृष्णिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

E-Paper