पूर्वांचल में कांग्रेस को मजबूत करने की योजना के साथ प्रियंका गांधी का बस्ती दौरा स्थगित, 23 को था कार्यक्रम

विधानसभा 2022 को लेकर बेहद गंभीर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का बस्ती दौरा फिलहाल स्थगित हो गया है। प्रियंका गांधी को 23 फरवरी को बस्ती में किसानों की सभा को संबोधित करना था। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बस्ती में इसकी तैयारी भी कर ली थी।

पूर्वांचल में कांग्रेस को मजबूत करने की योजना के साथ प्रियंका गांधी की निगाह वाराणसी, आजमगढ़, बस्ती के साथ गोरखपुर पर भी है। बीते दिनों आजमगढ़ का दौरा करने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा का 23 फरवरी को बस्ती में किसान सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम था। माना जा रहा है कि अब होली के बाद उनके नये कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को अपने बस्ती दौरा में 23 फरवरी को हर्रेया में किसान रैली को संबोधित करना था। प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार पूर्वांचल में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए कोशिश कर रही हैं। प्रियंका गांधी का वाराणसी के बाद आजमगढ़ और अब पूर्वांचल के सबसे अहम जिले माने जाने वाले गोरखपुर के करीब बस्ती जिले में कार्यक्रम रखा गया था। आजमगढ़ दौरे में प्रियंका गांधी के रडार पर भाजपा के साथ समाजवादी पार्टी भी थी। उन्होंने वहां पर समाजवादी पार्टी का नाम लिए बगैर हमला किया था। बस्ती की रैली को उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है माना जा रहा है होली बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में पूर्वांचल की राजनीति गरमाएगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के बस्ती में प्रस्तावित कार्यक्रम की तारीख में अपरिहार्य कारणों से बदलाव करना पड़ रहा है। अब विस्तृत कार्यक्रम की तारीख एवं रूपरेखा होली के बाद घोषित की जाएगी। बस्ती और आसपास के क्षेत्र में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का खासा वर्चस्व माना जाता है।

E-Paper