कानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगे आने वाले प्रदेश में चुनावों के लिए कही ये बड़ी बात

कानपुर। लंबे समय बाद कानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बड़े नेताओं के सामने बोलने का मौका मिला तो जमकर बोले और और आपस में उलझे भी। हंगामे के बीच कांग्रेसियों ने बांहें इस हद तक समेटी कि प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद और प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी देनी पड़ी। पार्टी में चल रही गुटबाजी मंच पर खुलकर सामने आई। कार्यकर्ताओं ने मन का गुबार निकाला तो बड़े नेताओं ने संजीदगी से उनके मन की बात सुनी और आलाकमान की ओर से निदान का संकेत भी दे गए। कानपुर में जब कर्नाटक चुनाव को लेकर बात उठी तो प्रदेश प्रभारी बोले, वहां कांग्रेस ही जीतेगी। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ पर उत्तर प्रदेश का शासन नहीं संभाल पाने का आरोप भी लगाया।

हंगामेदार रहा सम्मेलन

  • अध्यक्ष के सामने ही समेटी कांग्रेसियों ने बांहें
  • नारेबाजी बंद रोकने को प्रभारी ने किया हस्तक्षेप
  • पदाधिकारियों ने बड़े नेताओं पर हरा का ठीकरा फोड़ा
  • पार्षदों ने दबी जुबान गुटबाजी होने की बात कही 
  • वार्ड अध्यक्ष से विधायक तक पर आरोप-प्रत्यारोप
  • एकजुट होकर कांग्रेस प्रत्याशी जिताने का जोश

यूपी संभाल नहीं रहा दूसरे राज्य घूम रहे योगी 

कानपुर में कर्नाटक चुनाव के सवाल पर कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने दावा कि वहां कांग्रेस ही जीतेगी जबकि उत्तर पूर्वी राज्यों के चुनावों में भी भाजपा को बुरी तरह हार मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ इतिहास सुनाते हैं, उन्होंने अपने चुनावी वादे पूरे नहीं किए। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपना उप्र तो संभल नहीं रहा और दूसरे राज्यों में पार्टी का प्रचार करते घूम रहे हैं। वहीं, अनुसूचित जाति के मुद्दे पर गुलाम नबी आजाद का कहना था कि आजादी के पहले और उसके बाद भी कांग्रेस ही इस वर्ग के लिए काम करती रही है जबकि भाजपा ने इनका उत्पीडऩ ही किया है।

कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए एकजुट करने की मुहिम 

उल्लेखनीय है कि केंद्र की सत्ता से दूर कांग्रेस का नेतृत्व वर्ष 2019 में हर हाल में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहता है। इसीलिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हर जिले में कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की मुहिम शुरू की है। सुबह 11:40 बजे जैसे ही ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव व प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद और प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर रागेंद्र स्वरूप ऑडीटोरियम पहुंचे तो जोश से लबरेज कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी बंद न होने पर खुद प्रदेश प्रभारी को कहना पड़ा, जिस नेता के नाम पर नारेबाजी हुई, उसके नंबर काट दिए जाएंगे हालांकि नेता आते रहे और नारेबाजी होती रही। इसके बाद जीते पार्षदों ने पार्टी की गतिविधियों पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने दबी जुबान में गुटबाजी होने की बात कही तो हारे हुए पार्षदों ने गुटबाजी में पदाधिकारियों और बड़े नेताओं पर हराने का ठीकरा तक फोड़ दिया।

गुटबाजी हावी होने की बात साफ हो गई

किसी ने वार्ड अध्यक्ष को जिम्मेदार ठहराया तो किसी ने पूर्व विधायकों की ओर इशारा किया। वार्ड अध्यक्षों और फ्रंटल के पदाधिकारियों ने भी पार्टी में गुटबाजी हावी होने की बात कही। प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने सभी की बात सुनी। कार्यकर्ताओं के निष्कर्ष, खामियों और आरोपों और निदान की सलाह को उन्होंने नोट किया। कई के नाम भी डायरी में लिखे। उन्होंने जल्द सब कुछ ठीक होने का आश्वासन दिया और अगले साल लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को एकजुट होकर जिताने का जोश कार्यकर्ताओं में भर गए। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री और संचालन एआइसीसी सचिव नसीब सिंह ने किया।

 

E-Paper