छत्तीगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में कांग्रेस की जानकी काटजू बनी महापौर…

छत्तीगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में भी महापौर के चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। यहां कांग्रेस की जानकी काटजू महापौर बनी हैं। महापौर के निर्वाचन के दौरान आज यहां कांग्रेस को 26 वोट और भाजपा को 22 मत मिले हैं। इस तरह 4 वोट के अंतर से जानकी महापौर चुनी गईं। सोमवार को राज्य के 5 नगर निगमों में महापौर के लिए हुए चुनाव में सभी निगमों में कांग्रेस के पार्षद ही महापौर बने। रायगढ़ नगर निगम में सभापति कांग्रेस के जयंत ठेठवार चुने गए हैं।

नगर निगम में महापौर और सभापति के चुनाव के लिए सुबह से शहर विधायक प्रकाश नायक मैदान में डटे हुए थे। पूर्ण बहुमत होने के बाद भी विधायक व कांग्रेसी खेमे में थोड़ी घबराहट थी। भाजपा से दोनो पूर्व विधायकों के एक साथ आ जाने के बाद नंदेली हाउस तक खलबली मच गई।

जिसके बाद मौके पर मंत्री उमेश पटेल भी पहुंच गए। निगम में उम्मीदवारों ने वोटिंग शुरू की और 4 बजे तक वोटिंग चली। ऐसे में क्रास वोटिंग कर कहीं भाजपा कांग्रेस की जीत ना छिन लें, इसलिए उमेश ने भी मोर्चा संभाल लिया था।

शाम साढ़े चार बजे जैसे ही महापौर चुनाव के नतीजे आए, कांग्रेसी खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई।

रायगढ़ नगर निगम में कुल 48 वार्ड हैं। नगरीय निकाय चुनाव में यहां कांग्रेस को 24 वार्ड में जीत मिली थी, वहीं भाजपा के 19 प्रतिनिधि जीत कर बतौर पार्षद निगम में आए हैं।

5 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव जीते, जिनमें से 2 ने जीत के बाद कांग्रेस पार्टी में प्रवेश कर लिया। आज के महापौर चुनाव में कांग्रेस महापौर प्रत्याशी जानकी काटजू को 26 और भाजपा की ओर से महापौर चुनाव लड़ रहीं नवधा मिरी को 22 वोट मिले। नवनिर्वाचित महापौर जानकी काटजू वार्ड क्रमांक 4 से पार्षद का चुनाव जीतकर निगम में आई हैं। वे इससे पहले भी पार्षद रह चुकी हैं।

E-Paper