राहुल गांधी पर वंदे मातरम के अपमान का आरोप, वीडियो वायरल, भाजपा ने घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर वंदे मातरम के अपमान का आरोप लगाकर भाजपा ने उन्हें कटघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस की एक रैली का वीडियो सोशल मीडिया पर तो वायरल हो ही रहा है। कर्नाटक के एक स्थानीय चैनल ने इसे प्रसारित भी कर दिया है। कांग्रेस ने इसे झूठा करार दिया है, लेकिन भाजपा नेताओं ने सवाल उठाया कि क्या राहुल देश को अपनी जागीर समझते हैं?
वीडियो में दिखाया गया है कि राहुल मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के साथ मंच पर बैठे हैं। उनके साथ एआइसीसी महासचिव व कर्नाटक के प्रभारी केसी वेणुगोपाल भी बैठे हैं। राहुल वंदे मातरम शुरू होने पर अपनी घड़ी की तरफ देखते हुए वेणुगोपाल को कुछ इशारा करते हैं। इसके बाद वीडियो में दिखाया गया है कि एक व्यक्ति गायक से कहता है कि वह इसे एक लाइन में सीमित कर दे।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि यही कारण है कि हम उन्हें शहजादा कहते हैं। उन्होंने ट्वीट किया , ‘इस देश को परिवार की संपत्ति मानते हैं। क्या उनकी इच्छा से राष्ट्र गीत में संशोधन किया जा सकता है।’ केंद्रीय मंत्री व कर्नाटक के प्रभारी अनंत कुमार ने कहा कि वंदेमातरम के अपमान का काम राहुल जैसे लोग ही कर सकते हैं, जो अपने अहम में देश को कुछ नहीं समझते।