टिकट बंटवारे में रघुवर की ही चली, लक्ष्मण गिलुवा को एक और मौका

Jharkhand Assembly Election 2019 भाजपा ने 52 प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है उसमें मुख्यमंत्री रघुवर दास की भरपूर चली है। कुछ एक सीटों को छोड़ दें तो तमाम सीटों का बंटवारा उनकी मंशा के अनुरूप ही हुआ है। इसकी एक वजह रघुवर का केंद्रीय नेतृत्व से अच्छा समन्वय बताया जा रहा है। खुद भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान रघुवर की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। यह भी संकेत दिए कि चुनाव में रघुवर ही भाजपा का चेहरा होंगे।

रघुवर समेत 30 विधायकों को मिला टिकटभाजपा ने जारी की 52 उम्मीदवारों की पहली सूची

झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। 52 उम्मीदवारों की इस लिस्ट में मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत 30 विधायकों पर पार्टी ने दोबारा भरोसा जताया है। लोकसभा चुनाव हार चुके प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा को एक और मौका दिया है। वे चक्रधरपुर से चुनाव लड़ेंगे, जबकि 10 सीटिंग विधायकों के टिकट कट गए हैं।

अपने मंत्रियों पर भी भाजपा का भरोसा कायम रहा है। सीपी सिंह, राज पालिवार, नीरा यादव, रणधीर सिंह, लुइस मरांडी, रामचंद्र चंद्रवंशी को पार्टी ने चुनावी रण में एक बार फिर उतारा है। भाजपा ने मंत्री सरयू राय, नीलकंठ सिंह मुंडा व अमर बाउरी की सीट को फिलहाल होल्ड पर रखा है। रविवार शाम पांच बजे भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा की।
खास बातें
  • पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी, मुख्य सचेतक राधाकृष्ण किशोर सहित 10 सीटिंग विधायकों के कटे टिकट
  • लोकसभा चुनाव हारने वाले प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा को एक और मौका,चक्रधरपुर से लड़ेंगे चुनाव
  • मंत्रियों पर भरोसा, सीपी सिंह, राज पालिवार, नीरा यादव, रणधीर सिंह, लुइस मरांडी, चंद्रवंशी को  टिकट
  • अन्य दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए छह विधायकों में से पांच को बनाया गया उम्मीदवार

दूसरे दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों को पार्टी ने टिकट का तोहफा देकर नवाजा है। इनमें बरही से मनोज यादव, मांडू से जेपी पटेल, भवनाथपुर से भानु प्रताप शाही, बहरागोड़ा से कुणाल षाडंगी व लातेहार से प्रकाश राम शामिल हैं। आजसू और भाजपा में गठबंधन के पेंच को देखते हुए लोहरदगा सीट को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। झामुमो छोड़कर पार्टी में शामिल हुए शशिभूषण मेहता को भी पांकी से पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

10 विधायकों के टिकट कटने की वजह पार्टी की आंतरिक सर्वे रिपोर्ट को बताया जा रहा है। इनमें वरिष्ठ विधायक और विधानसभा में सत्ताधारी दल के मुख्य सचेतक राधाकृष्ण किशोर का भी टिकट भी काटा गया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी के टिकट कटने का तो शुरू से ही अंदेशा जताया जा रहा था। अन्य विधायकों की परफार्मेंस उनके टिकट कटने की वजह रही है। झरिया विधायक संजीव सिंह की जगह उनकी पत्नी को टिकट देकर क्षतिपूर्ति की गई है।

इन्हें मिला टिकट

विधानसभा क्षेत्र : प्रत्याशी

  1. राजमहल : अनंत ओझा
  2. बोरियो (एसटी) : सूर्या हांसदा
  3. बरहेट (एसटी) : सीमोन माल्तो
  4. लिट्टीपाड़ा (एसटी) : दानियल किस्कू
  5. महेशपुर (एसटी): मिस्त्री सोरेन
  6. शिकारीपाड़ा (एसटी) : पारितोष सोरेन
  7. नाला : सत्यानंद झा बाटुल
  8. जामताड़ा : वीरेंद्र मंडल
  9. दुमका (एसटी) : लुइस मरांडी
  10. जामा (एसटी):  सुरेश मुर्मू
  11. जरमुंडी : देवेंद्र कुंवर
  12. मधुपुर : राज पालिवार
  13. सारठ : रणधीर सिंह
  14. देवघर (एससी) : नारायण राम दास
  15. गोड्डा : अमित मंडल
  16. महागामा : अशोक कुमार भगत
  17. कोडरमा : नीरा यादव
  18. बरही : मनोज यादव
  19. मांडू : जेपी पटेल
  20. हजारीबाग : मनीष जायसवाल
  21. सिमरिया (एससी) : किशुन कुमार दास
  22. चतरा (एससी) : जनार्दन पासवान
  23. बागोदर : नागेंद्र महतो
  24. जमुआ (एससी) : केदार हाजरा
  25. गिरिडीह : निर्भय शाहाबादी
  26. बेरमो : योगेश्वर महतो बाटुल
  27. सिंदरी : इंद्रजीत महतो
  28. धनबाद : राज सिन्हा
  29. झरिया : रागिनी सिंह
  30. बाघमारा : ढुलू महतो
  31. बहरागोड़ा : कुणाल षाडंगी
  32. घाटशिला (एसटी) : लखन मार्डी
  33. पोटका (एसटी): मेनका सरदार
  34. जमशेदपुर पूर्वी : रघुवर दास
  35. ईचागढ़ : साधु चरण महतो
  36. मनोहरपुर (एसटी) : गुरु चरण नायक
  37. चक्रधरपुर (एसटी): लक्ष्मण गिलुवा
  38. तोरपा (एसटी) : कोचे मुंडा
  39. खिजरी (एसटी) : रामकुमार पाहन
  40. रांची : सीपी सिंह
  41. हटिया : नवीन जायसवाल
  42. गुमला (एसटी) : मिसिर कुजूर
  43. विशुनपुर (एसटी): अशोक उरांव
  44. सिमडेगा (एसटी): सदानंद बेसरा
  45. मनिका (एसटी) : रघुपाल सिंह
  46. लातेहार (एससी) : प्रकाश राम
  47. पांकी : शशिभूषण मेहता
  48. डालटनगंज : आलोक चौरसिया
  49. विश्रामपुर : रामचंद्र चंद्रवंशी
  50. छतरपुर (एससी): पुष्पा देवी
  51. गढ़वा : सत्येंद्र नाथ तिवारी
  52. भवनाथपुर : भानुप्रताप शाही

इन विधायकों का कटा टिकट

  1. ताला मरांडी (बोरियो),
  2. गणेश गंझू (सिमरिया),
  3. जयप्रकाश सिंह भोक्ता (चतरा),
  4. फूलचंद मंडल (सिंदरी),
  5. लक्ष्मण टूडू (घाटशिला),
  6. शिवशंकर उरांव (गुमला),
  7. विमला प्रधान (सिमडेगा),
  8. हरिकृष्ण सिंह (मनिका),
  9. राधाकृष्ण किशोर (छतरपुर)
  10. संजीव सिंह (झरिया)
E-Paper