ड्यूटी के लिए एयरपोर्ट जा रहा था जवान, पेड़ गिरने से दबकर हुई मौत
राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह हुई एक घटना में एक पुलिस आरक्षक की मौत हो गई। यह घटना वीआईपी रोड पर हुई। जवान वीआईपी ड्यूटी के लिए एयरपोर्ट जा रहा था, इसी एक पेड़ गिरने से जवान उसकी जद में आ गया और दब कर उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक आकाश गोस्वामी यातायात विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आगमन के मौके पर एयरपोर्ट में उसकी ड्यूटी लगाई गई थी। आरक्षक ड्यूटी के लिए जा रहा था।
इसी बीच वीआईपी रोड में मौसम खराब होने और बारिश व तेज हवा के चलते एक पेड़ टूटकर गिरा और जवान उसकी चपेट में आ गया। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत 112 को कॉल किया। जब तक जवान को पेड़ के नीचे से निकाला जाता, उसकी सांसे थम चुकी थीं। घटना पर मर्ग कायम कर शव को पंचनामे के लिए भेजा गया है।