JDU के साथ BJP तो RJD के साथ कांग्रेस …गठबंधन होनेवाला है….

Delhi Assembly Election: दिल्ली में अगले महीने, यानि फरवरी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उसके बाद बिहार में भी इसी साल विधानसभा का चुनाव होगा। बिहार में होनेवाले चुनाव से पहले दिल्ली चुनाव बिहार के लिए सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। दिल्ली में भी बिहार की ही तरह सत्तापक्ष-विपक्ष का गठबंधन देखने को मिल सकता है। दिल्ली विधानसभा में 70 सीटें हैं और सीटों को लेकर तालमेल के लिए दोनों गठबंधन बातचीत कर रहे हैं।

जदयू-भाजपा के गठबंधन का आज हो सकता है एेलान

सूत्रों के मुताबिक दिल्ली विधानसभा चुनाव में जदयू का गठबंधन भाजपा से हो सकता है तो वहीं राजद कांग्रेस के साथ मिलकर दिल्ली का चुनाव लड़ सकता है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके जदयू को कुछ सीटें भाजपा के साथ तालमेल करने में मिल सकती हैं। इसके लिए दोनों दलों में पहले दौर की बातचीत हो गई है और गुरुवार को इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है।

दिल्ली प्रदेश जदयू के पार्टी प्रभारी सह राज्य के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने भाजपा के साथ जदयू के गठबंधन की पुष्टि करते हुए कहा कि भाजपा के साथ जदयू के तालमेल की बातचीत चल रही है और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा हो जाएगी। बता दें कि पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में जदयू ने अकेले वहां से चुनाव लड़ा था और इस बार भी पार्टी ने अपने बलबूते चुनाव लड़ने की जाने की घोषणा की थी।

राजद-कांग्रेस के गठबंधन का आज हो सकता है फैसला 

वहीं, दूसरी ओर बिहार की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी राजद भी इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार है। उसने इसकी घोषणा तो कर दी है, इसके साथ ही पार्टी के नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि राजद कांग्रेस के साथ मिलकर दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ेगा, इसके लिए बातचीत चल रही है। साथ ही, ये भी बातें सामने आ रही हैं कि यदि कांग्रेस के साथ तालमेल नहीं हुआ, तो पार्टी अपने दम पर अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेगी।

हालांकि राजद के दिल्ली प्रदेश प्रभारी सह सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि गुरुवार को तालमेल के संबंध में निर्णय हो जायेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ तालमेल के लिए बातचीत चल रही है। बातचीत सफल रही तो हम दिल्ली में साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे, अगर नहीं हुई तो राजद अपने बलबूते पर यहां अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेगा।

E-Paper